सीएम हेल्पलाइन में लापरवाही पर जिला पंचायत सख्त समय-सीमा बैठक में परीक्षाओं, न्यायालयीन प्रकरणों और स्वच्छता अभियान की समीक्षा
राजगढ़।जिले में प्रशासनिक जवाबदेही और जनसेवाओं की गुणवत्ता सुधारने के उद्देश्य से सोमवार को जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. इच्छित गढ़पाले की अध्यक्षता में समय-सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों, आगामी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों, सीएम मॉनिटरिंग, लंबित न्यायालयीन मामलों और स्वच्छता अभियान की विस्तृत समीक्षा की गई।
सीईओ डॉ. गढ़पाले ने सीएम हेल्पलाइन को जिले की प्राथमिक प्रशासनिक जिम्मेदारी बताते हुए स्पष्ट किया कि प्रत्येक शिकायत का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निराकरण किया जाना अनिवार्य है। समीक्षा के दौरान लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, ऊर्जा विभाग तथा सीएमओ कुरावर और खिलचीपुर द्वारा एल-1 स्तर पर प्रकरण लंबित पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को जवाबदेही तय करते हुए सुधार के निर्देश दिए।
आगामी बोर्ड परीक्षाओं को लेकर बैठक में विशेष फोकस रखा गया। सीईओ ने परीक्षा केंद्रों पर बिजली, पेयजल, साफ-सफाई, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को परीक्षा अवधि में किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए, इसके लिए शिक्षा, पुलिस और प्रशासन के बीच समन्वय जरूरी है।
बैठक में लंबित न्यायालयीन प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। सीईओ ने निर्देश दिए कि सभी मामलों में समय पर जवाबदाखिल किया जाए और शासन के पक्ष में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित की जाए, जिससे अनावश्यक कानूनी अड़चनें न बनें।
इसके साथ ही पारंपरिक खेलों के संरक्षण और प्रोत्साहन को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए गए। कबड्डी और गिल्ली-डंडा जैसे खेलों के आयोजन और प्रचार-प्रसार के लिए सभी जनपद पंचायतों को कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया।


