छत्तीसगढ़

समर्था सेवा समिति के वार्षिक महिला क्रीड़ा उत्सव में उमड़ा उत्साह, महिलाओं ने खेलों का भरपूर आनंद लिया

एमसीबी। चिरमिरी।
जिला एमसीबी के चिरमिरी क्षेत्र अंतर्गत गोद्रीपारा खटीक ग्राउंड में समर्था सेवा समिति के तत्वाधान में आयोजित वार्षिक महिला क्रीड़ा उत्सव हर्षोल्लास और उत्साह के साथ सफलता पूर्वक संपन्न हुआ। इस आयोजन में घरेलू महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए खेलों का भरपूर आनंद लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक श्याम बिहारी जायसवाल रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पालिक निगम चिरमिरी के महापौर रामनरेश राय उपस्थित रहे। वहीं विशेष अतिथि के तौर पर नगर पालिक निगम चिरमिरी क्षेत्र की समस्त महिला पार्षदों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की शुरुआत समिति के सदस्यों द्वारा भारत माता के छायाचित्र पर पुष्पांजलि व आरती कर तथा राष्ट्रगान के साथ की गई। इसके पश्चात महिलाओं के लिए आयोजित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में चम्मच दौड़, मटका फोड़, बास्केटबॉल, सुई-धागा दौड़ एवं कुर्सी दौड़ शामिल रहीं, जिनमें महिला प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने स्वयं मटका फोड़ एवं बास्केटबॉल प्रतियोगिता में भाग लेकर महिला खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। मंत्री की इस सहभागिता से घरेलू महिलाओं में विशेष जोश देखने को मिला और पूरा आयोजन उत्सव के रूप में तब्दील हो गया।
अपने उद्बोधन में मंत्री श्री जायसवाल ने क्षेत्र एवं प्रदेश के विकास कार्यों की जानकारी देते हुए समर्था सेवा समिति के सामाजिक प्रयासों की सराहना की। उन्होंने समिति के सदस्यों को आश्वस्त किया कि वे सदैव समाजहित के कार्यों में उनके साथ खड़े हैं और आवश्यकता पड़ने पर हर संभव सहयोग देंगे।
समिति की सचिव श्रीमती कंचन जायसवाल ने कार्यक्रम की सफलता का श्रेय सभी महिला खिलाड़ियों एवं उपस्थित दर्शकों को देते हुए उनका आभार व्यक्त किया। वहीं समिति की अध्यक्ष श्रीमती रीता आईच ने सभी अतिथियों, समिति की महिला सदस्यों एवं प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि यह आयोजन महीनों की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य घरेलू महिलाओं को मानसिक एवं शारीरिक रूप से स्वस्थ रखना है।
उल्लेखनीय है कि समर्था सेवा समिति पिछले कई वर्षों से घरेलू महिलाओं के हित में इस प्रकार के आयोजन करती आ रही है और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Related Articles

Back to top button