बिहार-झारखण्ड
महाबोधि मंदिर में विश्व शांति के लिए पूजा का भव्य आयोजन

गया : भगवान बुद्ध की ज्ञानस्थली बोधगया स्थित महाबोधि मंदिर में विश्व शांति के निमित कांगू मोनलाम चेनमो पूजा का भव्य आयोजन सोमवार से प्रारंभ हुआ। यह पूजा और सामूहिक प्रार्थना 10 दिनों तक चलेगी, जिसका नेतृत्व बौद्ध धर्मगुरु 17वें कर्मापा त्रिनले दोरजे कर रहे हैं।
विश्व शांति की कामना से आयोजित इस विशेष पूजा और प्रार्थना में विश्व के एक दर्जन से अधिक बौद्ध देशों से आए बौद्ध भिक्षु और श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। महाबोधि मंदिर परिसर कांगू मोनलाम चेनमो पूजा के दौरान शांति, करुणा और आध्यात्मिक मंत्रोच्चार से गुंजायमान हो उठा है।
देश-विदेश से पहुंचे बौद्ध भिक्षु एवं उपासक बोधि वृक्ष के नीचे सामूहिक प्रार्थना में लीन नजर आ रहे हैं। पूरे आयोजन से ऐसा प्रतीत हो रहा है कि बोधगया आध्यात्मिक वातावरण से पूर्णतः सराबोर हो गया है।




