उत्तराखंड

उत्तराखंड: PRD के ‘स्थापना दिवस’ पर मुख्यमंत्री ने की जवानों के लिए कई घोषणाएं

देहरादून:मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में प्रान्तीय रक्षक दल के ‘स्थापना दिवस’ पर आयोजित रैतिक परेड कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने दिवंगत पीआरडी स्वयंसेवकों के आश्रितों को सहायता राशि एवं जवानों के बच्चों को छात्रवृत्ति के चेक प्रदान किए।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि पी.आर.डी जवानों के लिए एक विशिष्ट प्रशिक्षण संस्थान की स्थापना की जाएगी। ड्यूटी के दौरान चिकित्सालय में भर्ती होने की स्थिति में उपचार के दौरान ड्यूटी पर ही माना जाएगा और अधिकतम छह माह का मानदेय प्रदान किया जाएगा। ग्राम अस्थल रायपुर में खेल मैदान का निर्माण भी किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पीआरडी जवान यातायात व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, लिपिकीय कार्यों और विभिन्न विभागीय दायित्वों, प्राकृतिक आपदाओं में चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में कार्य करते हैं। चार धाम यात्रा के दौरान भी लाखों श्रद्धालुओं को सुरक्षित यात्रा कराने में सहयोग किया।

मुख्यमंत्री ने कहा सरकार ने पीआरडी जवानों के कल्याण के लिए अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए। पीआरडी जवानों का भत्ता 65 रुपये प्रतिदिन से बढ़ाकर 650 रुपये प्रतिदिन किया गया। पीआरडी जवानों के आश्रित बच्चों को छात्रवृत्ति और मृत एवं घायल PRD जवानों और उनके आश्रितों को 70 लाख रुपये से अधिक की सहायता राशि प्रदान की है। 10 वर्ष की सेवा पूर्ण करने के बाद सेवानिवृत्त हुए पीआरडी जवानों को 18 लाख रुपये का एकमुश्त सेवा-भत्ता भी प्रदान किया है। साम्प्रदायिक दंगों में ड्यूटी के दौरान मृत्यु होने पर परिवार को मिलने वाली राशि को एक लाख रुपये से बढ़ाकर दो लाख रूपए किया गया है। अति-संवेदनशील ड्यूटी में मृत्यु होने पर देय राशि 75 हजार रुपये से बढ़ाकर डेढ़ लाख रुपये की है। सामान्य ड्यूटी के दौरान मृत्यु होने की दशा में मिलने वाली राशि को भी 50 हजार रुपये से बढ़ाकर एक लाख रुपये किया गया है।

Related Articles

Back to top button