उत्तर प्रदेश

गोरखपुर में महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद का 93वां संस्थापक सप्ताह समारोह सम्पन्न

लखनऊ : गोरखपुर में महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के 93वें संस्थापक सप्ताह समारोह के समापन कार्यक्रम का आयोजन महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय में किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता गोरक्षपीठाधीश्वर और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की। इस अवसर पर महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के 93वें संस्थापक सप्ताह के मुख्य महोत्सव में सप्ताह भर चली विभिन्न प्रतियोगिताओं के मेधावियों को पुरस्कृत किया गया, जिसमें करीब 750 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के पूर्व अध्यक्ष और पूर्वांचल विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति स्वर्गीय प्रो. यूपी सिंह पर केंद्रित पुस्तक का विमोचन भी किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नशे के खतरों पर चेतावनी देते हुए कहा कि नशा ड्रग्स का भी हो सकता है और स्मार्टफोन का भी हो सकता है। उन्होंने युवाओं को नशे से बचने की अपील की और कहा कि इससे जितना बचा जाएगा, उतना ही आप अपने आप को और देश को बचा सकेंगे। उन्होंने युवाओं को तकनीकी चुनौती से निपटने के लिए तैयार रहने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने कहा कि भारत की 65% जनसंख्या 35 वर्ष से कम आयु की है, और युवाओं की मेहनत और कार्य निष्ठा के बल पर भारत आने वाले समय में आर्थिक और तकनीकी रूप से दुनिया में प्रमुख स्थान पर होगा। उन्होंने भारत की सभ्यता और संस्कृती के साथ-साथ तकनीकी क्षेत्र में भी देश की शक्ति को बताया और युवाओं से डिजिटलीकरण को आत्मसात करने का आह्वान किया।

Related Articles

Back to top button