राजगढ़ में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हादसा, 8 वर्षीय बालिका की डूबने से मौत
सहेलियों के साथ प्रतिमा विसर्जन करने गई थी पायल, करीब दो घंटे की तलाश के बाद तालाब में मिली

राजगढ़। जिले के कालीपीठ थाना क्षेत्र के लहरची गांव में मंगलवार को दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। गांव के पास स्थित पोखर में डूबने से 8 वर्षीय बालिका पायल की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी कंवरलाल सौंधिया की बेटी पायल मंगलवार सुबह करीब 10 बजे अपनी सहेलियों के साथ छोटी दुर्गा प्रतिमा का विसर्जन करने पोखर पर गई थी। इसी दौरान पैर फिसलने या संतुलन बिगड़ने से वह पानी में जा गिरी। प्रतिमा विसर्जन के बाद उसकी सहेलियां घर लौट आईं, लेकिन पायल घर नहीं पहुंची।
काफी देर तक पायल के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। ग्रामीणों के साथ विसर्जन स्थल पर पहुंचकर खोजबीन की गई। करीब डेढ़ से दो घंटे बाद बालिका तालाब में मिली। सूचना मिलने पर कालीपीठ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से बालिका को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, प्रतिमा विसर्जन के लिए निर्धारित स्थान चिह्नित किया गया था, लेकिन बच्चे वहां जाने के बजाय गांव के पास स्थित पोखर पर पहुंच गए थे। इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।



