ग्राम पंचायत उड़नखेड़ी में बायोगैस संयंत्र का संचालन प्रारंभ* गौशाला के गोबर से होगा स्वच्छ ऊर्जा का उत्पादन, ग्रामीणों को मिलेगा वैकल्पिक ऊर्जा का लाभ

राजगढ़ कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा के निर्देशन में जिले में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने एवं स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग की दिशा में ग्राम पंचायत उड़नखेड़ी, जनपद पंचायत सारंगपुर अंतर्गत धरणी धरण गौशाला में 40 घन मीटर क्षमता के बायोगैस संयंत्र का सफल संचालन प्रारंभ हो गया है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले के मार्गदर्शन में स्थापित इस संयंत्र से गौशाला में उपलब्ध गोबर का उपयोग कर बायोगैस का उत्पादन किया जाएगा, जिससे ग्रामीणों को स्वच्छ एवं वैकल्पिक ऊर्जा का लाभ मिलेगा। उल्लेखनीय है कि प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कौशल विकास एवं रोजगार विभाग श्री गौतम टेटवाल द्वारा गौशाला भ्रमण के दौरान बायोगैस संयंत्र का निरीक्षण किया गया था। इस दौरान उन्होंने संयंत्र की व्यवस्था एवं गौशाला में उपलब्ध संसाधनों के उपयोग का अवलोकन किया था। अब संयंत्र का संचालन प्रारंभ होने से गौशाला में एकत्रित गोबर के सदुपयोग को बढ़ावा मिलेगा।
बायोगैस संयंत्र के माध्यम से गोबर का बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित होने के साथ ही ग्रामीण स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को भी प्रोत्साहन मिलेगा। संयंत्र से उत्पादित गैस का उपयोग ग्रामवासियों द्वारा किया जाएगा। वहीं, संयंत्र से प्राप्त अवशिष्ट पदार्थ का उपयोग जैविक खाद के रूप में किया जा सकेगा, जिससे कृषि कार्यों में भी लाभ मिलने की संभावना है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. गढ़पाले द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में उपलब्ध संसाधनों के समुचित उपयोग तथा स्वच्छ एवं सतत ऊर्जा के विकल्पों को प्रोत्साहित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। ग्राम पंचायत उड़नखेड़ी में बायोगैस संयंत्र का सफल संचालन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे स्थानीय संसाधनों के उपयोग, स्वच्छता एवं पर्यावरण अनुकूल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।




