Breaking News
जल अर्पण दिवस पर जल स्रोतों का पूजन कर लिया जल संरक्षण का संकल्प

राजगढ़ जल संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने एवं जल स्रोतों के संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से जल अर्पण दिवस के अवसर पर विकासखंड नरसिंहगढ़ के ग्राम पंचायत मुवालिया खेदर एवं चैनपुरा खुर्द में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों की सहभागिता से जल स्रोतों एवं नल का पूजन कर जल संरक्षण का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को जल की प्रत्येक बूंद के महत्व और जल के सदुपयोग के प्रति जागरूक किया गया। उपस्थित ग्रामीणों ने जल स्रोतों को स्वच्छ रखने, पानी का अपव्यय रोकने तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए जल सुरक्षित रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में “जल बचाएं–जीवन बचाएं, हर बूंद को सम्मान दिलाएं” का संदेश देते हुए जल संरक्षण को जन-जन की जिम्मेदारी बनाने का आह्वान किया गया।




