उत्तर प्रदेश

यूपी के ग्रेटर नोएडा में सीएम योगी का राहुल गांधी और हामिद अंसारी पर हमला

लखनऊ (SHABD) :ग्रेटर नोएडा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के युवराज ने अपने झूठ की गूंज में जिस तरह का आचरण किया, वह पूरी नारी शक्ति का अपमान है। उन्होंने कहा कि जो लोग भारतीय संस्कृति और ‘यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः’ के भाव को नहीं समझते, उनसे देश को कोई उम्मीद नहीं करनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि ऐसे लोग समाज में भ्रम और अराजकता पैदा करने का काम कर रहे हैं और भारत को बदनाम करने वाले हर मुद्दे को आगे बढ़ाने में लगे हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी के हालिया बयान पर भी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि संवैधानिक पद पर रह चुके व्यक्ति से पद की गरिमा के अनुरूप आचरण की अपेक्षा होती है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि हामिद अंसारी का बयान भारत की सनातन और हिंदू परंपरा को अपमानित करने वाला है और इसे आतंकवाद से जोड़ने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि भारत की एकता और अखंडता के लिए संवैधानिक पदों पर रह चुके लोगों का योगदान होना चाहिए, न कि देश की छवि को धूमिल करने वाले बयानों का।

Related Articles

Back to top button