बिहार-झारखण्‍ड

मुंगेर में मिनी मैराथन का आयोजन, नीरज ने हासिल किया पहला स्थान

मुंगेर (SHABD) :प्रधानमंत्री के फिट इंडिया अभियान को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने के उद्देश्य से मुंगेर जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत शंकरपुर गांव में 5 किलोमीटर मिनी मैराथन का आयोजन किया गया। पंजीकृत संस्था ‘अभियानिक्स फाउंडेशन’ की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न जिलों के धावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

मिनी मैराथन में भागलपुर, खगड़िया, बेगूसराय और लखीसराय सहित कई जिलों के धावक शामिल हुए। प्रतियोगिता में भागलपुर जिले के महेशी गांव निवासी नीरज कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, मुंगेर के नौवागढ़ी गांव के दिनेश कुमार पटेल दूसरे और मुंगेर के बांक गांव के निशांत कुमार तीसरे स्थान पर रहे।

प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले धावकों को शील्ड और मेडल देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा अन्य प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। प्लस 60 आयु वर्ग के धावकों को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रखंड विकास पदाधिकारी विश्वजीत कुमार और अन्य गणमान्य लोगों ने हरी झंडी दिखाकर की। बीडीओ विश्वजीत कुमार ने कहा कि इस तरह के आयोजन से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ती है।

शंकरपुर पंचायत की मुखिया मोना भारती ने कहा कि हर व्यक्ति को अपने दैनिक कार्यों के साथ-साथ स्वास्थ्य और फिटनेस के लिए समय निकालना चाहिए।

मिनी मैराथन के विजेता नीरज कुमार ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं युवाओं को आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करती हैं।

Related Articles

Back to top button