भोपाल के कोलार रोड पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, जयघोष के बीच निकली महाप्रभु जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा

राजधानी के कोलार क्षेत्र में आज (19 जुलाई) प्रभु जगन्नाथ, भ्राता बलभद्र और देवी सुभद्रा की भव्य एवं दिव्य वार्षिक रथयात्रा निकाली गई। इस्कॉन मंदिर कोलार द्वारा आयोजित इस महामहोत्सव में शामिल होने के लिए कोलार सहित पूरे भोपाल शहर से हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
सर्वधर्म चौराहे से हुआ भव्य शुभारंभरथयात्रा की शुरुआत दोपहर करीब 1:30 बजे सर्वधर्म चौराहा (विशाल मेगा मार्ट के पास) से भगवान की विशेष आरती और छप्पन भोग लगाने के बाद हुई। भगवान जगन्नाथ, सुभद्रा जी और बलदेव जी को विशेष रूप से सजाए गए ऊंचे और नयनरामणि रथ पर विराजमान किया गया था। रथ के आगे बढ़ने से पहले पारंपरिक रूप से मार्ग की बुहारी (सफाई) की गई, जिसके बाद भक्तों ने बड़े ही उत्साह के साथ रथ की रस्सियों को खींचना शुरू किया।भक्ति के रंग में रंगा पूरा कोलार मार्गयह भव्य रथयात्रा सर्वधर्म चौराहे से शुरू होकर कोलार डी-मार्ट, मंदाकिनी चौराहा और मानसरोवर डेंटल कॉलेज होते हुए इस्कॉन मंदिर (डेहरी कलां) परिसर पहुंची। पूरे यात्रा मार्ग में जगह-जगह स्थानीय निवासियों और व्यापारिक संगठनों द्वारा पुष्पवर्षा कर रथयात्रा का आत्मीय स्वागत किया गया।
यात्रा के दौरान श्रद्धालु झांझ, मंजीरे और ढोलक की थाप पर झूमते-नाचते नजर आए। मार्ग में भक्तों के लिए जगह-जगह ठंडे पानी, शर्बत और महाप्रसाद के स्टॉल लगाए गए थे।
महाप्रसाद का हुआ वितरणइस बार की रथयात्रा में देश के विभिन्न राज्यों से आए इस्कॉन के भक्त भी विशेष रूप से शामिल हुए, जो पूरे रास्ते कीर्तन करते हुए चल रहे थे। रथयात्रा के समापन पर इस्कॉन मंदिर परिसर में महाआरती की गई और उपस्थित हजारों श्रद्धालुओं के बीच भव्य भंडारे (महाप्रसाद) का वितरण किया गया।सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस बल कोलार मुख्य मार्ग पर लगातार मुस्तैद रहा, जिससे भक्तों को दर्शन करने में कोई असुविधा न हो।



