मुख्य सचिव ने की रेलवे की लंबित परियोजनाओं की समीक्षा

जयपुर, 08 अप्रैल। उत्तर पश्चिम रेलवे (NWR) की राजस्थान में चल रही विभिन्न रेल एवं अन्य विकास परियोजनाओं की समीक्षा हेतु मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास की अध्यक्षता में बुधवार को शासन सचिवालय में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मुख्य सचिव ने राज्य के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने वाली रेल परियोजनाओं को प्राथमिकता से पूर्ण करने और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर लंबित परियोजनाओं को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने नई रेल लाइनों एवं दोहरीकरण के लिए भूमि अवाप्ति की समीक्षा की और लंबित प्रकरणों से संबंधित कार्यों को शीघ्र निस्तारित करने, मुआवजे की विसंगतियों को दूर कर एकरूपता लाने तथा रेलवे भूमि के रेकार्ड में सुधार, नामांतरण (Mutation) और भूमि रेकार्ड के मिलान को प्राथमिकता से सुलझाने के लिए संबंधित विभागों तथा जिला कलेक्टरों को निर्देशित किया ।
श्री वी. श्रीनिवास ने कहा कि ऊर्जा विभाग से जुड़े विद्युत संबंधी कार्यों के लिए रेलवे के शेष टीएसएस (TSS) को ओपन एक्सेस से जोड़ने और पारेषण लाइनों (Transmission Lines) के कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के लिए निर्देशित किया गया है।
इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश के विभिन्न जिलों में निर्माणाधीन आरओबी, आरयूबी और सड़क चौड़ाईकरण के लंबित प्रस्तावों पर सभी आवश्यक स्वीकृतियां समयबद्ध तरीके से जारी करने और कार्य की गति बढ़ाने के निर्देश दिए।
बैठक में परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग के प्रमुख शासन सचिव श्री भवानी सिंह देथा, उत्तर पश्चिमी रेलवे के महाप्रबंधक श्री अमिताभ एवं रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के अतिरिक्त वन, यूडीएच, राजस्व, ऊर्जा, परिवहन व पीडब्ल्यूडी विभागों ,जयपुर विकास प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे तथा संबंधित जिला कलेक्टरों ने वीसी के माध्यम से बैठक में भाग लिया गया।




