डिजिटल सामान्य फसल अनुमान सर्वेक्षण (DGCES) के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए राज्य स्तरीय प्रशिक्षण संपन्न

जयपुर, 21 फरवरी। डिजिटल सामान्य फसल अनुमान सर्वेक्षण (DGCES) के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आर्थिक एवं सांख्यिकी निदेशालय के कृषि एवं टीआरएस अनुभाग द्वारा एक दिवसीय राज्य स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम हरिश्चंद्र माथुर राज्य लोक प्रशासन जयपुर में हुआ।
केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय की निदेशक एवं अतिरिक्त सांख्यिकी सलाहकार श्रीमती सोनिया शर्मा ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर आर्थिक एवं सांख्यिकी निदेशालय के निदेशक एवं संयुक्त शासन सचिव श्री विनेश सिंघवी भी उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में श्रीमती सोनिया शर्मा ने बताया कि कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा प्रारंभ किए गए डिजिटल सामान्य फसल अनुमान सर्वेक्षण (DGCES) के माध्यम से पारंपरिक सर्वेक्षण प्रणाली को आधुनिक तकनीकी साधनों से सुदृढ़ किया गया है। इससे फसल कटाई प्रयोग (CCE) के आंकड़ों की गुणवत्ता में सुधार हुआ है तथा फसल उपज के अनुमानों की सटीकता एवं विश्वसनीयता में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
उन्होंने बताया कि डीजीसीईएस एप्लिकेशन के जरिए राज्य सरकारें मोबाइल ऐप के माध्यम से वास्तविक समय में सीसीई डाटा संकलित कर सकती हैं तथा वेब पोर्टल के माध्यम से उपज अनुमान तैयार कर सकती हैं। यह डिजिटल व्यवस्था मैन्युअल हस्तक्षेप को कम करते हुए डाटा की पारदर्शिता, प्रामाणिकता और त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित करती है।
श्री विनेश सिंघवी ने कहा कि सामान्य फसल अनुमान सर्वेक्षण कृषि नीति निर्माण, खाद्य सुरक्षा योजना तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने जिलों से आए अधिकारियों को प्रशिक्षण में प्राप्त तकनीकी जानकारी का क्षेत्रीय स्तर पर समुचित उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. भूदेव सिंह द्वारा किया गया। राज्य स्तरीय इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में सांख्यिकी विभाग के जिला स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों सहित कुल 85 प्रतिभागियों ने भाग लिया।




