उत्तराखंड: सनातन की आत्मा गौमाता में बसती है- सतपाल महाराज

देहरादून: पर्यटन धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने कामधेनु इंटरनेशनल प्रोडक्शन के बैनर तले गौ माता के महत्व पर बनी फिल्म “गोदान” के टीजर, गाने और पोस्ट लॉन्चिंग के अवसर पर कहा कि सनातन की आत्मा गौमाता में बसती है। आज के समय में जब हम अपनी जड़ों से दूर हो रहे हैं, तो यह फिल्म गुम हो रही गौमाता को बचाने और उनकी अहमियत को समझाने की एक बड़ी कोशिश है।
सतपाल महाराज ने कहा कि भारतीय संस्कृति और सनातन धर्म में गौमाता की अहमियत को समझाने के लिए विनोद चौधरी के निर्देशन में बनी फीचर फिल्म ‘गोदान’ 6 फरवरी 2026 से पूरे देश के सिनेमाघरों में प्रदर्शित होने वाली है। “गोदान” फिल्म को वैज्ञानिक नजरिये के साथ प्रस्तुत कर समाज को एक बड़ा संदेश देने का काम किया गया है। यह फिल्म केवल किसी व्यक्ति विशेष के लिए नहीं, बल्कि देश के युवाओं को अपनी संस्कृति और सनातन मूल्यों से जोड़ने का एक मजबूत जरिया है।
इस फिल्म की शूटिंग उत्तराखंड की वादियों, नोएडा, मथुरा और मुंबई के विभिन्न स्थानों पर की गई है। फिल्म की कहानी को जीवंत बनाने के लिए इसमें कई सच्ची घटनाओं को भी शामिल किया गया है।




