राजस्‍थान

विधानसभा अध्यक्ष ने अजमेर जिले में किये विभिन्न विकास कार्यों का शुभारम्भ

जयपुर, 28 दिसम्बर। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने रविवार को अजमेर जिले के विनायक विहार कॉलोनी में सड़क निर्माण कार्य तथा वरूण सागर से फिल्टर प्लांट तक 3900 मीटर पाईप लाइन कार्य का शुभारम्भ किया।

विधानसभा अध्यक्ष ने रविवार को वरूण सागर रोड़ स्थित विनायक विहार कॉलोनी में 23.20 लाख रूपए की लागत से बनने वाली सड़क निर्माण कार्य का शुभारम्भ किया। उन्होंने सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सड़क की गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि इन सड़क कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्र के निवासियों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी। सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारशिला होती हैं। मजबूत सड़कें आवागमन को सुगम बनाने के साथ व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं दैनिक जीवन की गतिविधियों को भी गति प्रदान करती हैं।

श्री देवनानी ने राज्य निधि अन्तर्गत 85.78 लाख रूपए की लागत से वरूण सागर से फिल्टर प्लांट तक 3900 मीटर (200 एमएम) पाईप लाइन कार्य का शुभारम्भ किया। यह कार्य जन स्वास्थय अभियांत्रिकी विभाग द्वारा करवाया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्य निर्धारित समय सीमा में तथा तय मानकों के अनुरूप पूर्ण किए जाएं।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अजमेर में पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना उनकी प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने कहा कि इस पाईप लाइन से आसपास अनेक कॉलोनियों एवं उससे सटे इलाकों को भी नियमित और पर्याप्त मात्रा में पेयजल उपलब्ध कराया जा सकेगा।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए जनभागीदारी आवश्यक है और सरकार जन आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को निरंतर आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि आधारभूत जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों की श्रृंखला जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button