भाजपा नेता बोले-विधायक की बहू सब-इंस्पेक्टर, मुख्यमंत्री जी, उसे थाने से हटाएं

भोपाल। अशोकनगर जिला पंचायत अध्यक्ष राव अजय प्रताप सिंह यादव ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखकर ईसागढ़ थाना प्रभारी मीना रघुवंशी पर भ्रष्टाचार और अवैध गतिविधियों का आरोप लगाते हुए उन्हें तत्काल हटाने की मांग की। यह पत्र सोमवार को लिखा गया था।
भाजपा नेता अजय यादव ने अपने पत्र में कहा कि थाना प्रभारी निरंकुश हैं और विधायक के संरक्षण में भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मीना रघुवंशी लोगों को झूठे मामलों में फंसाकर पैसे वसूलती हैं और इलाके में जुआ, सट्टा, शराब, गांजा, चरस और रिश्वतखोरी का धंधा चलाती हैं।
अजय यादव ने कहा कि उनके इलाके के लोग लगातार शिकायत कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर मीना रघुवंशी को तुरंत नहीं हटाया गया, तो इलाके में जन आंदोलन भड़क सकता है। बताया जाता है कि मीना रघुवंशी चंदेरी से भाजपा विधायक जगन्नाथ सिंह रघुवंशी के भतीजे शिवप्रताप रघुवंशी की पत्नी हैं और ईसागढ़ थाना प्रभारी हैं।
गौरतलब है कि विधायक जगन्नाथ सिंह अविवाहित हैं। उनके भतीजे शिव प्रताप उनके राजनीतिक उत्तराधिकारी माने जाते हैं और निर्वाचन क्षेत्र में सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक मंचों पर सक्रिय हैं।
जगन्नाथ सिंह ने 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के गोपाल सिंह चौहान को हराकर जीत हासिल की थी। इसके बाद मीना रघुवंशी को ईसागढ़ थाना प्रभारी नियुक्त किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष अजय यादव वार्ड क्रमांक 5 से निर्वाचित हुए हैं, जिनका निर्वाचन क्षेत्र ईसागढ़ थाना क्षेत्र में आता है।