Breaking Newsमध्यप्रदेश

देर रात 4 IAS के तबादले, सुखवीर सिंह होंगे प्रमुख सचिव PWD

भोपाल। राज्य शासन ने मंगलवार देर रात चार वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। मुख्य सचिव ने जारी आदेश में अनिल सुचारी को सागर का नया कमिश्नर बनाया गया है, जबकि मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मप्र सुखवीर सिंह को प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग पदस्थ किया गया है।

सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के मुताबिक सीनियर आईएएस अनिल सुचारी को सागर संभागायुक्त बनाया गया है। ये पद तीस जून को खाली हुआ था। सुचारी अब तक सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव थे।

राजस्व मंडल सदस्य संजीव कुमार झा अब नए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी होंगे। इसी के साथ निवर्तमान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुखवीर सिंह प्रमुख सचिव पीडब्ल्यूडी बनाए गए हैं। इससे पहले वह इस विभाग के प्रमुख सचिव का दायित्व निभा चुके हैं। उनके बेहतर प्रदर्शन को देखते हुए फिर से विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

हालांकि, दोनों अधिकारियों को पदस्थ करने का फैसला भारत निर्वाचन आयोग की सहमति से पिछले माह ही हो गया था, लेकिन सामान्य प्रशासन विभाग ने अब आदेश जारी किया है। सुखवीर सिंह के पद संभालने के बाद उर्जा विभाग के अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई लोक निर्माण विभाग के अपर मुख्य सचिव के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त होंगे।

सामान्य प्रशासन विभाग के आदेश के मुताबिक, सचिव तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास व रोजगार विभाग रघुराज एमआर को श्रम विभाग का सचिव पदस्थ किया गया है। मध्य प्रदेश मानव अधिकार आयोग के प्रमुख सचिव मुकेश चंद्र गुप्ता को राजस्व मंडल सदस्य का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

राजस्व विभाग के प्रमुख सचिव विवेक पोरवाल को प्रमुख सचिव तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इसी तरह प्रमुख सचिव खनिज साधन उमाकांत उमाराव, रघुराज एमआर के प्रभार संभालने के बाद प्रमुख सचिव श्रम विभाग के दायित्व से मुक्त होंगे। उनके पास पशुपालन और डेयरी विकास विभाग का अतिरिक्त प्रभार बना रहेगा।

Related Articles

Back to top button
× click to chat whatsapp