
नई दिल्ली| उत्तर भारत के राज्यों में तेज ठंड का दौर कहर बरपा रहा है। उत्तर प्रदेश में 20 साल बाद दिसंबर के दूसरे ही हफ्ते में कोल्डवेव चल रही है। अमूमन यहां तीसरे या चौथे हफ्ते तक शीतलहर चलती है।
तेज सर्दी के कारण शनिवार को चित्रकूट के एक किसान की मौत हो गई। राज्य में सबसे ज्यादा ठंड अयोध्या में पड़ रही है। यहां तापमान 3 डिग्री तक पहुंच गया है।
दरअसल, मध्यप्रदेश में सबसे कम तापमान शहडोल में 1.5 डिग्री दर्ज किया गया। भोपाल में भी रात का पारा 4 डिग्री से कम पहुंच गया। मौसम विभाग ने कहा, दिसंबर में 10 साल में दूसरी बार इतना कम पारा दर्ज किया गया।राजस्थान में 11 शहरों में सीजन का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया है। MP और राजस्थान के कुल 15 शहरों में शनिवार को तापमान 4 डिग्री से नीचे रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने कहा है कि इन राज्यों में 2-3 दिन तक ठंड का दौर जारी रहेगा। रविवार को बिहार-हरियाणा समेत 14 राज्यों में कोल्डवेव का अलर्ट है। पंजाब और MP में सीवियर कोल्डवेव की चेतावनी जारी की गई है।
जम्मू-कश्मीर के कई जिलों में तापमान माइनस में बना हुआ है। मौसम विभाग ने बताया कि बर्फबारी के कारण यहां न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। जोजिला में टेम्परेचर माइनस 22 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं, श्रीनगर में माइनस 3.4°, पहलगाम में माइनस 4.0°, गुलमर्ग में माइनस 3.8 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।
अगले 3 दिन कैसा रहेगा मौसम
16 दिसंबर को तमिलनाडु, पुडुचेरी में 7 सेंटीमीटर से ज्यादा बारिश होगी। इन राज्यों में बिजली गिरने का भी अनुमान है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, राजस्थान और मध्य प्रदेश में घना कोहरा छाया रहेगा। पश्चिम बंगाल के तटों के आसपास 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी।
17 दिसंबर को तमिलनाडु, पुडुचेरी में 12 सेंटीमीटर से ज्यादा बारिश होगी कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में 7 सेंटीमीटर से ज्यादा बारिश हो सकती है। हरियाणा और उत्तर प्रदेश में घने कोहरे का अलर्ट है। इन राज्यों में विजिबिलिटी भी घट सकती है। राजस्थान में कोल्डवेव का अलर्ट है। यहां कई शहरों में तापमान 5 डिग्री के नीचे रहने की उम्मीद है।
18 दिसंबर को तमिलनाडु, पुडुचेरी, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश के अलावा केरल में बिजली गिरने के साथ बारिश के आसार हैं। राजस्थान के कुछ इलाकों में लगातार दूसरे दिन शीतलहर चलेगी। तापमान में बढ़ोतरी की उम्मीद नहीं है। नॉर्थ ईस्ट के राज्यों में भी ठंड बढ़ सकती है। यहां तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है।