राज्य

रोहिणी में डिजिटल ठगी का बड़ा मामला, सेवानिवृत्त इंजीनियर से 10.30 करोड़ रुपये ठगे

दिल्ली: रोहिणी इलाके में एक सेवानिवृत्त इंजीनियर को डिजिटल अरेस्ट कर 10.30 करोड़ रुपये ठगी करने का मामला सामने आया है। जालसाजों ने पैसे को कई बैंक खातों में ट्रांसफर करा लिए। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने साइबर सेल में इसकी शिकायत की। शुरुआती जांच में पता चला कि कंबोडिया से फोन कर बुजुर्ग को आठ घंटे डिजिटल अरेस्ट किया गया। शिकायत में बुजुर्ग ने बताया कि जालसाजों ने उन्हें खुद को कमरे में बंद होने के लिए कहा। इसके बाद उनके बैंक खातों की जानकारी हासिल की।

बेटा-बेटी से पैसे मांगने की दी धमकी
जालसाज उन्हें झांसा देकर उनके बैंक खातों से 10.30 करोड़ रुपये निकाल लिए। उसके बाद आरोपियों ने उन्हें बेटा बेटी से पैसे मांगने के लिए कहा। इस पर बुजुर्ग को शक हो गया और वह लैपटॉप बंद कर कमरे से बाहर निकल गए। उसके बाद उन्होंने इसकी शिकायत रोहिणी साइबर सेल में की।

जालसाजों ने 1500 बैंक खातों में ट्रांसफर किए पैसे
बुजुर्ग के बेटे का दुबई में कारोबार है और वह अपने परिवार के साथ वहीं रहते हैं। जबकि उनकी बेटी सिंगापुर में रहती हैं। पुलिस की जांच में पता चला है कि जालसाजों ने रकम को सात बैंक खातों में डलवाया। उसके बाद करीब 15 सौ अलग अलग बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर किए। पुलिस ने कई खातों को फ्रीज कर दिया जिसमें करीब 60 लाख रुपये जमा किए गए हैं। जांच से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि जालसाज कंबोडिया, फिलीपींस और ताइवान से फोन कर भारत में लोगों को डिजिटल अरेस्ट कर उनसे पैसे ठग रहे हैं।

Related Articles

Back to top button
× click to chat whatsapp