मणिपुर में 11 उग्रवादी ढेर, दो जवान भी घायल

इंफाल. मणिपुर के जिरिबाम जिले में सोमवार को केंद्रीय रिजर्व पुलिस फोर्स CRPF जवानों ने एनकाउंटर में 11 कुकी उग्रवादियों को मार गिराया। सूत्रों के मुताबिक, असम सीमा से लगे संदिग्ध कुकी उग्रवादियों की फायरिंग में 2 CRPF जवान भी घायल हैं। इनमें एक की हालत गंभीर है।
सूत्रों के मुताबिक, कुकी उग्रवादियों ने दोपहर करीब 2.30 बजे बोरोबेकेरा के जकुराडोर करोंग में एक पुलिस स्टेशन पर हमला किया। इसके बाद यहां मौजूद CRPF जवानों से उनकी मुठभेड़ हुई। सूत्रों ने बताया कि पुलिस स्टेशन के नजदीक ही मणिपुर हिंसा में विस्थापित लोगों के लिए एक राहत शिविर है। राहत शिविर में रह रहे लोग कुकी उग्रवादियों के निशाने पर थे। यहां इससे पहले भी कई बार हमला हो चुका है। इसके बाद यहां CRPF की टीम तैनात की गई थी।
सूत्रों ने बताया कि उग्रवादी सैनिकों जैसी वर्दी पहने थे। इनके पास अत्याधुनिक हथियार और गोला-बारूद थे। मारे गए उग्रवादियों के शवों को बोरोबेक्रा पुलिस स्टेशन में रखा गया है। आज सुबह संदिग्ध कुकी उग्रवादियों ने इंफाल पूर्वी जिले में पहाड़ियों से भी गोलीबारी की थी। इसमें एक किसान घायल हो गया।
सूत्रों ने बताया कि पुलिस स्टेशन पर हमला करने के बाद उग्रवादी पुलिस स्टेशन से एक किलोमीटर दूर जकुराडोर करोंग में एक छोटी सी बस्ती की ओर भागे और घरों में आग लगाना शुरू कर दिया। इस दौरान वे सुरक्षाबलों पर गोलियां बरसाते रहे। इस दौरान 5 लोगों के लापता होने की खबर है। दावा है कि उग्रवादियों ने इन्हें अगवा कर लिया है।
सोमवार को ही मणिपुर के याइंगंगपोकपी शांतिखोंगबन इलाके में खेतों में काम कर रहे एक किसान पर उग्रवादियों ने पहाड़ी से गोलीबारी की। इसके कारण एक किसान की मौत हो गई। इसके अलावा कई किसानों को चोट आई। पुलिस ने बताया कि इस इलाके में उग्रवादी लगातार तीन दिन से पहाड़ी से निचले इलाकों में फायरिंग कर रहे हैं। खेतों में काम कर रहे किसानों को निशाना बनाया जा रहा है। क्योंकि यहां धान की फसल की कटाई चल रही है। हमलों के कारण किसान खेतों में जाने से डर रहे हैं।
असम राइफल्स ने सोमवार को बताया कि बीते 3 दिनों में मणिपुर के पहाड़ी और घाटी जिलों में तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने कई हथियार, गोला-बारूद और IED जब्त किए हैं। 9 नवंबर को असम राइफल्स और मणिपुर पुलिस की जॉइंट टीम ने चुराचांदपुर जिले के एल खोनोम्फई गांव के जंगलों से एक.303 राइफल, दो 9 एमएम पिस्टल, छह 12 सिंगल बैरल राइफल, एक.22 राइफल, गोला-बारूद और सामान जब्त किया था। इसके अलावा एस चौंगौबंग और कांगपोकपी जिले के माओहिंग में एक 5.56 मिमी इंसास राइफल, एक प्वाइंट 303 राइफल, 2 एसबीबीएल बंदूकें, दो 0.22 पिस्तौल, दो इंप्रोवाइज्ड प्रोजेक्टाइल लांचर, ग्रेनेड, गोला-बारूद जब्त किए गए थे।
10 नवंबर असम राइफल्स, मणिपुर पुलिस और बीएसएफ की जॉइंट टीम ने काकचिंग जिले के उतांगपोकपी के एरिया में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया था। इसमें एक 0.22 राइफल, गोला-बारूद और सामान शामिल था।