Breaking News

सात सूत्रीय मांगों पर नपा कर्मचारियों का प्रदर्शन, हड़ताल पर असमंजस की स्थिति

लखन गुर्जररा जगढ़। नगर पालिका के दैनिक वेतनभोगी सफाई कर्मचारियों का अपनी सात सूत्रीय मांगों को लेकर चल रहा आंदोलन अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। अखिल भारतीय सफाई मजदूर ट्रेड यूनियन कांग्रेस के बैनर तले जिला अध्यक्ष वीरू कछवाए के आह्वान पर और ब्लॉक अध्यक्ष पवन घेंघट के नेतृत्व में कर्मचारी पहले ही आंदोलन की चेतावनी दे चुके थे। इसी क्रम में कर्मचारियों ने हड़ताल का रास्ता अपनाया।

मंगलवार को बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी लामबंद होकर पहले मंगल भवन परिसर में एकत्रित हुए और फिर जुलूस के रूप में नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर सीएमओ को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में वेतन भुगतान में भेदभाव, कलेक्टर रेट से वेतन, साप्ताहिक अवकाश, लंबित वेतन, ओवरटाइम भुगतान, अधिकृत ड्रेस और संसाधनों की उपलब्धता समेत सात प्रमुख मांगें रखी गईं।

इसी बीच हड़ताल के दौरान राजगढ़ एसडीएम मौके पर पहुंचे और कर्मचारियों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं। एसडीएम ने मांगों के निराकरण का आश्वासन देते हुए कर्मचारियों से हड़ताल समाप्त करने की अपील की। अधिकारियों की समझाइश के बाद कर्मचारियों के एक बड़े वर्ग ने हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया।

हालांकि हड़ताल को लेकर पूरी तरह सहमति बनती नजर नहीं आई। हड़ताल में शामिल कुछ कर्मचारियों का स्पष्ट कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। ऐसे में नगर पालिका की सफाई व्यवस्था को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

अब निगाहें प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं। यदि समय रहते मांगों का समाधान नहीं हुआ तो सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। वहीं, यदि प्रशासन आश्वासन को अमल में बदलता है तो विवाद शांत होने की उम्मीद भी जताई जा रही है। फिलहाल शहर में चर्चा का विषय यही है कि हड़ताल पूरी तरह खत्म होगी या फिर दोबारा जोर पकड़ सकती है।

Related Articles

Back to top button