चिरमिरी में जनता पी रही ज़हर, प्रशासन मौन – कांग्रेस ने प्रेस वार्ता में 8 कोलरियों का दूषित पानी दिखाकर जताया विरोध
चिरमिरी(नसरीन अशरफी)मनेंद्रगढ़। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री अशोक श्रीवास्तव के नेतृत्व में एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने चिरमिरी की विभिन्न आठ कोलरियों से एकत्रित दूषित जल के नमूनों को पत्रकारों के समक्ष प्रदर्शित किया और कहा कि भाजपा सरकार में आज जनता को शुद्ध पानी तक नसीब नहीं हो रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि कई सप्ताहों से चिरमिरी क्षेत्र में नलजल की गुणवत्ता बेहद खराब है। लोग रोज़ाना दूषित पानी पीने को मजबूर हैं, जिससे उनके स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ रहा है। यह स्थिति भाजपा सरकार की प्रशासनिक विफलता और संवेदनहीनता को उजागर करती है।
गौरतलब है कि स्वयं राज्य के स्वास्थ्य मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक श्री श्याम बिहारी जयसवाल ने करीब डेढ़-दो महीने पहले अधिकारियों को चेतावनी दी थी कि पंद्रह दिन के भीतर जल आपूर्ति की व्यवस्था सुधारी जाए। लेकिन मंत्री की बात तक को अनसुना कर दिया गया, और आज तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। जब मंत्री और महापौर जैसे जनप्रतिनिधियों की आवाज को नज़रअंदाज़ किया जा रहा है, तो आम जनता की कौन सुनेगा? यह हाल बताता है कि भाजपा सरकार और प्रशासन, दोनों ही जनता की समस्याओं के प्रति पूरी तरह उदासीन हैं।
कांग्रेस पार्टी के जिला अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव का कहना है कि यदि दूषित जल के सेवन से किसी नागरिक की मृत्यु अथवा स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ा है, तो मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर प्रभावित परिवारों को बीस लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता मिलनी चाहिए। साथ ही, भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्थायी समाधान और जवाबदेही की व्यवस्था अनिवार्य की जानी चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट कहा कि यह मुद्दा किसी राजनीतिक लाभ के लिए नहीं उठाया जा रहा है, बल्कि जनता के जीवन और स्वास्थ्य की सुरक्षा का सवाल है। भाजपा सरकार जनता की पीड़ा को नज़रअंदाज़ कर रही है और प्रशासन अपनी जिम्मेदारी से भाग रहा है। कांग्रेस पार्टी इस लड़ाई को पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ आगे बढ़ाएगी ताकि क्षेत्र की जनता को न्याय मिल सके।