छत्तीसगढ़

सोनाखान रेंजर सुनीत साहू को हटाने अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ वन कर्मचारी संघ के बैनर तले वनमण्डल बलौदाबाजार के समस्त वनकर्मियों ने सोनाखान रेंजर सुनीत साहू के द्वारा अपने अधीनस्थ अधिकारी कर्मचारियों के साथ गाली गलौज करने जेल भेजने की धमकी एवं अभद्र व्यवहार को लेकर और स्थानांतरण के बाद भी रिलीव नहीं होने पर उन्हें हटाने के लिए जिला मुख्यालय बलौदाबाजार के दशहरा मैदान 17 सितंबर से अनिश्चित कालीन हड़ताल प्रारंभ कर दिया है। वन कर्मचारी संघ के प्रांताध्यक्ष अजीत दुबे संभागाध्यक्ष आहफ़ज खान की उपस्थिति एवं बलौदाबाजार जिलाध्यक्ष मनबोधन टंडन के नेतृत्व में आमसभा के बाद रैली के रूप में वनमण्डल कार्यालय का घेराव किया। प्रांताध्यक्ष अजीत दुबे ने कहा कि किसी भी स्थिति में गाली गलौज बर्दास्त नहीं किया जाएगा। जब तक रेंजर को नहीं हटाया जायेगा तब तक हड़ताल जारी रहेगा। अजीत दुबे अनिश्चितकालीन हड़ताल के पहले ही दिन अनिश्चितकालीन हड़ताल स्थल पर पहुंचकर चेतावनी देते हुए कहा कि सोनाखान रेंजर सुनीत साहू को हटाने की मांग यदि शीघ्र पूरी नहीं हुई तो पूरा प्रदेश में आंदोलन किया जायेगा।श्री खान ने कहा कि स्वाभिमान से किसी भी प्रकार समझौता नहीं होगा। जिलाध्यक्ष मनबोधन टंडन ने जोर देकर कहा कि पूरा वनमण्डल के कर्मचारी आक्रोशित हैं और अनिश्चितकालीन हड़ताल मांग पूरी होने तक जारी रहेगा। अनिश्चितकालीन हड़ताल के दूसरे दिन 18 सितंबर को भी समस्त वनकर्मी रेंजर सुनीत साहू को हटाने हड़ताल स्थल पर डटे रहे। हड़ताल के दूसरे दिन वन कर्मचारी संघ का प्रतिनिधि मंडल मंत्री टंकराम वर्मा और गुरु खुशवंत साहेब से मिलकर खासकर महिला वनकर्मियों ने आप बीती मंत्रियों को सुनाई। जिस पर मंत्री टंकराम वर्मा और गुरु खुशवंत साहेब ने कार्यवाही का आश्वासन दिया।
गौरतलब है कि सोनाखान रेंजर सुनीत साहू का स्थानांतरण दो माह पहले ही वन मंडल गरियाबंद के अंतर्गत उत्पादन धवलपुर में हो गया है किंतु अभी तक रिलीव नहीं किया गया है। जिसके चलते ही यह स्थिति निर्मित हुई है।

Related Articles

Back to top button