सरायपाली में अटल परिसर का लोकार्पण, विधायक डॉ संपत अग्रवाल ने दी श्रद्धांजलि
अटल जी विचारों के धनी, राष्ट्रसेवा के प्रतीक थे: विधायक डॉ संपत अग्रवाल
*लोकतंत्र की गरिमा और संवाद की राजनीति के शिल्पकार रहे अटल बिहारी वाजपेयी : विधायक डॉ संपत अग्रवाल*
*हर मोर्चे पर दिखी अटल जी की दूरदृष्टि, पोखरण से शिक्षा सुधार तक देशहित की अद्भुत पराकाष्ठा : विधायक डॉ संपत अग्रवाल*
*सरायपाली* । महासमुंद जिले के सरायपाली स्थित नई मंडी प्रांगण में रविवार को अटल परिसर एवं विभिन्न विकास कार्यों का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। इस ऐतिहासिक अवसर पर छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि अटल जी विचारों के धनी और राष्ट्रसेवा के प्रतीक थे। उनका जीवन सरलता, संयम और राष्ट्रीय भावना का जीवंत उदाहरण रहा है। उन्होंने लोकतंत्र की गरिमा को सर्वोपरि रखते हुए विपक्ष को सम्मान देने की परंपरा स्थापित की, जो आज भी भारतीय राजनीति के लिए प्रेरणा है।
विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी के ऐतिहासिक योगदानों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे एक दूरदर्शी नेता थे, जिन्होंने पोखरण परमाणु परीक्षण (1998) द्वारा भारत को वैश्विक मंच पर सशक्त रूप में प्रस्तुत किया। उनके नेतृत्व में स्वर्णिम चतुर्भुज सड़क परियोजना ने आधारभूत ढांचे को गति दी, जबकि मोबाइल क्रांति और नई टेलीकॉम नीति ने संचार को जन-जन तक पहुंचाया। ग्रामीण भारत को शहरों से जोड़ने के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना एक क्रांतिकारी पहल थी। कारगिल युद्ध के दौरान अटल जी ने भारतीय सेना को नैतिक एवं रणनीतिक समर्थन प्रदान किया। उन्होंने शिक्षा क्षेत्र में सुधार की दिशा में कदम बढ़ाए और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करते हुए विपक्ष को सम्मान देकर राजनीति में गरिमा की मिसाल कायम की।
उन्होंने आगे कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के शिखर पुरुष थे। उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित रहा। वे ओजस्वी वक्ता, दूरदृष्टा राजनेता और विचारों के धनी थे। विधायक डॉ अग्रवाल ने अंत में कहा कि अटल जी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि एक विचार थे। उनका जीवन हमें सिखाता है कि राजनीति में गरिमा, संवाद और राष्ट्रहित सर्वोपरि होना चाहिए।
इस आयोजन में सांसद रूपकुमारी चौधरी, सरायपाली विधायक चातुरी नंद,पूर्व सांसद एवं भंडार गृह निगम अध्यक्ष चुन्नीलाल साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष मोगरा पटेल, छत्तीसगढ़ बीज निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, राज्य महिला आयोग की सदस्य सरला कोसरिया, स्काउट गाइड संघ के जिलाध्यक्ष येतराम साहू, बसना अध्यक्ष डिलेश्वरी निराला सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।